लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। जिले में एक ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कांस्टेबल कल ही पुष्कर मेले की ड्यूटी खत्म कर घर लौटा था। रात में वह सामान्य रूप से सोया था, लेकिन सुबह उठ नहीं सका। परिजनों ने जब उसे उठाने की कोशिश की, तो वह बेहोश मिला। नाक से खून निकल रहा था। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
ड्यूटी खत्म कर लौटा था घर
मृतक कांस्टेबल की पहचान जगदीश (55) पुत्र हुकुम सिंह, निवासी भरतपुर के रूप में हुई है। भाई हुकुम सिंह ने बताया कि जगदीश पुष्कर मेले में ड्यूटी पर तैनात था। मेले का समापन होने के बाद वह मंगलवार को भरतपुर लौटा और घर आकर खाना खाकर सो गया।
रात को मांगा था पानी, सुबह नहीं उठा
रात करीब 3 बजे वह उठा और पत्नी से पानी मांगा। पानी पीने के बाद दोबारा सो गया। सुबह जब पत्नी ने उसे उठाने की कोशिश की, तो वह नहीं उठा। नाक से खून निकलता देख परिजनों ने तुरंत मोहल्ले के लोगों को बुलाया और उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे आरबीएम अस्पताल रेफर किया, जहां पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पोस्टमार्टम से पता चलेगा मौत का कारण
कांस्टेबल जगदीश की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
