लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे में शुक्रवार देर रात तीन सती माता मंदिरों में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। रविवार को डेगाना वृताधिकारी (डिप्टी) जयप्रकाश ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जानकारी ली तथा पुलिस अधिकारियों को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वृताधिकारी जयप्रकाश ने गोरा सती माता मंदिर, आंचलिया सती माता मंदिर एवं खाती समाज सती माता मंदिर पहुंचकर घटनास्थलों का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर समितियों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों से वारदात के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही चोरी हुए आभूषणों, दान पेटियों, नकदी एवं अन्य सामान के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई।
वृताधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। विभिन्न संभावित सुरागों और तकनीकी पहलुओं पर काम किया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस टीम जल्द ही मामले का खुलासा करने में सफल होगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात अज्ञात चोरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 से जुड़ने वाली लिंक रोड के समीप तालाब की पाल किनारे स्थित तीनों सती माता मंदिरों को निशाना बनाया था। चोर मंदिरों से सोने की कंठी, चांदी के छत्र, नकदी तथा दान पेटियों सहित लाखों रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए थे। बाद में आंचलिया सती माता मंदिर की दान पेटी केरिया-माकड़ा मार्ग पर टूटी हुई अवस्था में बरामद हुई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सर्व समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं लोगों की आस्था को ठेस पहुंचा रही हैं तथा क्षेत्र में असुरक्षा की भावना को बढ़ावा दे रही हैं।
पुलिस प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।















































