लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमन्द ।
राजसमन्द। राजसमन्द जिले के फियावड़ी सड़क गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों को तीन-तीन दिन के अंतराल पर नलों में पानी मिल रहा है, वह भी मात्र आधे घंटे के लिए। कमजोर दबाव के कारण कई परिवार मुश्किल से एक-दो मटके ही भर पाते हैं, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने बताया कि बागेरी नाके से आने वाली मुख्य सप्लाई लंबे समय से बंद पड़ी है। ऐसे में गांव को अब कुएं से सीमित मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन कम दबाव और लंबा अंतराल बड़ी समस्या बनी हुई है। पानी की किल्लत के कारण कई परिवार टैंकर मंगवाने या अन्य स्रोतों से पानी लाने को मजबूर हैं।
भोपसिंह, मनोहर सिंह, नाथू सिंह, रोशनदास वैष्णव, नारायण सिंह समेत ग्रामीणों ने रोजाना नियमित जलापूर्ति की मांग की है। उनका कहना है कि पानी उपलब्ध नहीं होने से घरेलू कामकाज से लेकर मवेशियों की देखभाल तक प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द स्थायी समाधान की उम्मीद जताई है, ताकि उन्हें पानी के लिए परेशान न होना पड़े।
