लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगंबर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में जैन धर्म के तीसरे तीर्थंकर संभवनाथ भगवान का तप कल्याणक महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
प्रबंध समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा और मनोज जैन ने बताया कि संभवनाथ भगवान वर्तमान काल चक्र के तीसरे तीर्थंकर थे। चौदह वर्ष की कठिन तपस्या के बाद उन्हें केवलज्ञान की प्राप्ति हुई। अर्हत अवस्था प्राप्त करने के बाद उनका प्रथम प्रवचन सांसारिक जीवन की क्षणभंगुरता पर आधारित था। उन्होंने दीर्घकाल तक धर्म के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शास्त्री प्रिंस जैन देवांश के निर्देशन में कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक, नित्य अभिषेक और शांति धारा से हुई। इसके बाद देव-शास्त्र पूजा, चौबीस भगवान की मूलनायक पूजा और संभवनाथ भगवान की विशेष पूजा कर तप कल्याणक महोत्सव मनाया गया।
भक्तामर संयोजक हेमंत जैन और नरेन्द्र जैन बनेठा ने बताया कि शाम 6:30 बजे भक्तामर दीपार्चन का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।


















































