लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर, सूरतगढ़। श्रीगंगानगर जिले के उपखण्ड सूरतगढ़ में वकीलों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। पिछले 27 दिनों से धरने पर बैठे अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के मुखौटे पहनकर, हाथों में “गरीब सरकार” लिखे पोस्टर लेकर बाजार में “सहायता” मांगते हुए प्रदर्शन किया।
वकीलों का यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर सीधा सवाल माना जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बाजार में काफी संख्या में लोग एकत्रित हुए और पूरे घटनाक्रम को देखा।
नये न्यायालय भवन और अतिरिक्त कोर्ट की मांग
वकीलों की प्रमुख मांग है कि सूरतगढ़ में नये न्यायालय भवन के निर्माण के लिए बजट जारी किया जाए। इसके साथ ही अतिरिक्त अपर जिला न्यायालय की स्थापना की जाए, ताकि बढ़ते मामलों का समय पर निस्तारण हो सके।
अधिवक्ताओं का कहना है कि वर्तमान न्यायिक ढांचा बढ़ते मुकदमों के दबाव को संभालने में सक्षम नहीं है। ऐसे में न्यायालय भवन और अतिरिक्त कोर्ट की स्थापना क्षेत्र की जरूरत बन चुकी है।
आमरण अनशन पर बैठे अधिवक्ता की हालत चिंताजनक
धरने के साथ एक अधिवक्ता, सतवीर सिहाग, आमरण अनशन पर भी बैठे हुए हैं। जानकारी के अनुसार सात दिनों में उनका करीब साढ़े सात किलो वजन कम हो चुका है और स्वास्थ्य लगातार गिरता जा रहा है।
वकीलों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है, जिससे आंदोलन और तेज हो सकता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
