लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | संवाददाता: पंकज पोरवाल
उपभोक्ता कल्याण समिति राजस्थान के बैनर तले प्रदेशाध्यक्ष अशोक जैन (एडवोकेट) एवं प्रदेश महामंत्री जितेन्द्र मारू के नेतृत्व में शुक्रवार को जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने आगामी त्यौहारी सीजन को देखते हुए जिले में “शुद्ध के लिये युद्ध अभियान” को प्रभावी ढंग से चलाने की मांग की।
समिति के मीडिया प्रभारी पंकज हेमराजानी ने बताया कि ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया कि जिले में कुछ व्यापारी मिलावटी एवं कम वजन वाली खाद्य सामग्री बेचकर उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और आर्थिक हितों से खिलवाड़ कर रहे हैं, जो अत्यंत गंभीर विषय है।
तत्काल कार्रवाई की मांग
समिति ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि मुख्यालय पर खाद्य सामग्री जांच हेतु लैब स्थापित की जाए और पूरे जिले में अभियान को सख्ती से संचालित किया जाए। साथ ही दोषी व्यापारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई कर उन्हें चिन्हित कर पाबंद करने की भी मांग की गई। इससे उपभोक्ताओं को त्यौहारी सीजन में राहत मिल सकेगी।
ज्ञापन में शामिल प्रतिनिधि
ज्ञापन प्रस्तुत करने वालों में वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र कचौलिया, संगीता अग्रवाल, राकेश सक्सेना, सुभाष दूदानी, अनिल पारीक, कय्यूम मोहम्मद, अनिल मेहता, सूर्यप्रकाश सरगरा, ममता शर्मा, प्रवीण कोठारी, अनीता डीडवानिया, अनीता आर्य, सुनीता झामड़, रजनी सिंघवी, चंदना कोठारी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए यह अभियान जनहित में बेहद जरूरी है और इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।











































