लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सैकड़ों ग्रामीण धरने पर बैठे, रिक्त पदों को भरने की मांग
फलोदी (जोधपुर)। नोख गांव में शिक्षकों की कमी से परेशान ग्रामीणों ने शुक्रवार को सीनियर विद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। विद्यालय में अध्यापकों की कमी के चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस स्थिति को लेकर गांव के सरपंच सहित सैकड़ों ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
प्रशासन पर मनमानी का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन की मनमर्जी से विद्यालय के अध्यापकों को अन्यत्र प्रतिनियुक्ति पर भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले ही विद्यालय में केवल 5 शिक्षक नियुक्त हैं, ऐसे में लगातार अध्यापकों को हटाना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
अंग्रेजी शिक्षक को प्रतिनियुक्ति पर भेजने से भड़के ग्रामीण
ग्रामीणों ने बताया कि 20 दिन पहले भी एक अध्यापक को एसडीएम कार्यालय पोकरण में लगाया गया था, विरोध के बाद उसे पुनः विद्यालय में भेजा गया। अब एक बार फिर अंग्रेजी शिक्षक को पोकरण एसडीएम कार्यालय प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। इसी के चलते ग्रामीणों ने विद्यालय के गेट पर ताला लगाकर घंटों धरना दिया।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
विरोध की सूचना पर टावरीवाला पियो और नोख थाना प्रभारी शारदा बिश्नोई पुलिस जाब्ते सहित मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जबरदस्ती गेट खोला गया तो वे अपने बच्चों की टीसी कटवाने पर मजबूर हो जाएंगे।
धरने में शामिल लोग
धरने में सरपंच संग सिंह, भोम सिंह, उगम सिंह, मनोहर सिंह, जीतू सिंह, सवाई सिंह, दिलीप सिंह, सुमेर सिंह, सादिक खान, माधु सिंह, हरि सिंह, सत्तार खान, गजाराम, बाबू सिंह, मोहन राम, भंवर सिंह, जीतू राम सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
