Home latest खरीफ 2025 में उर्वरक आपूर्ति की समीक्षा

खरीफ 2025 में उर्वरक आपूर्ति की समीक्षा

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

किसानों को समय पर उपलब्ध हो उर्वरक, ऑर्गेनिक खेती को मिले बढ़ावा – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि खरीफ-2025 सीजन में किसानों को किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों तक समय पर और सुविधापूर्वक खाद-बीज पहुंचे तथा इसकी जिलेवार नियमित जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराई जाए।

अच्छी बारिश से बेहतर पैदावार की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित बैठक में जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में अच्छी बारिश हुई है, जिससे फसल उत्पादन के बेहतर संकेत मिल रहे हैं। राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और समृद्धि के लिए उच्च गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

किसानों को जागरूक करने पर जोर

श्री शर्मा ने कहा कि किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के लिए जागरूक किया जाए तथा उन्हें वर्मी कम्पोस्ट और ऑर्गेनिक खाद के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इसके लिए सोशल मीडिया, सेमिनार और प्रचार-प्रसार के विभिन्न माध्यमों का उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम सभाओं के जरिए किसानों को जागरूक करने का अभियान चलाने को कहा।

सीमावर्ती जिलों में चेक पोस्ट की व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि उर्वरक की बिक्री और वितरण अधिक से अधिक ग्राम सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से हो। साथ ही, अंतरराज्यीय सीमावर्ती जिलों में चेक पोस्ट स्थापित कर उर्वरक के अवैध परिगमन पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनुदानित यूरिया का गैर-कृषि कार्यों और औद्योगिक उपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अवैध भंडारण और कालाबाजारी पर सख्त कार्यवाही

बैठक में बताया गया कि कृषि विभाग ने वर्ष 2025-26 में अवैध उर्वरक व्यापार और भंडारण के खिलाफ 109 औचक निरीक्षण, 71 सीजर, और 56 एफआईआर दर्ज की हैं। सीजर के दौरान 397 नमूने लिए गए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर बिक्री रोकने, लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण की कार्यवाही भी की गई है।

बैठक में शामिल अधिकारी

बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा सहित कृषि, सहकारिता एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version