लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल
संवाददाता: राजेन्द्र शर्मा जती, भरतपुर।
भरतपुर जिले के नदबई कस्बे के नजदीकी गांव बैलारा में बुधवार को शराब के ठेके पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। किसी बात को लेकर ठेका कर्मचारियों और एक ग्राहक के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि ठेका कर्मचारियों ने ग्राहक के साथ मारपीट कर दी।
घर पर हमला और फायरिंग
मारपीट के बाद विवाद यहीं नहीं थमा। कुछ देर बाद ठेका कर्मी अपने 8-10 साथियों के साथ ग्राहक के घर पहुंच गया और वहां ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
इस दौरान गोली लगने से गांव बैलारा निवासी सरमन सिंह (50) और उनकी पत्नी पिस्ता देवी (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक हुई फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घायलों को जिला अस्पताल रेफर
सूचना मिलते ही सीओ नदबई अमर सिंह राठौड़ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
घायलों को तुरंत नदबई राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में आरबीएम अस्पताल भरतपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घटना के संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
