लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह)। श्रीगंगानगर जिले के उपखंड श्रीकरणपुर क्षेत्र के गांव 14FF स्थित राजकीय विद्यालय में शहीद सूबेदार प्रताप सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया गया।
सूबेदार प्रताप सिंह का जन्म 17 जनवरी 1951 को गांव 14FF में हुआ था। मात्र 18 वर्ष की आयु में उन्होंने देश सेवा का संकल्प लिया और 25 जुलाई 1968 को 1st सिखलाई में भारतीय सेना में भर्ती हुए। 27 वर्षों तक उन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में सेवाएं दीं। वर्ष 1988-89 में उन्होंने श्रीलंका में एलटीटीई के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन पवन में भी भाग लिया।
7 दिसंबर 1994 को सियाचिन ग्लेशियर में पेट्रोलिंग के दौरान अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए मातृभूमि की रक्षा में उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
अनावरण कार्यक्रम में सैन्य अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मेजर निखिल जम्वाल, लेफ्टिनेंट अजय सिंह नेगी, सूबेदार सुरेंद्र सिंह, सूबेदार हरजिंद्र सिंह, सूबेदार जितेंद्र पाल सिंह, नायब सूबेदार प्रदीप सिंह सहित शहीद की धर्मपत्नी ज्ञान कौर और परिजन उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी समारोह में भाग लेकर शहीद को नमन किया।





















































