लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
ब्यावर, रिपोर्ट – हेमन्त साहू
राज्य सरकार की जनहितकारी पहल शहरी सेवा शिविर 2025 के तहत वार्ड संख्या 13 से 16 तक का शिविर आज राठी पवेलियन, ब्यावर में आयोजित हुआ। शिविर का निरीक्षण उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया। उन्होंने विभागीय काउंटरों पर पहुंचकर राजस्व, चिकित्सा-स्वास्थ्य, कृषि फसल गिरदावरी, जनाधार, वित्तीय समावेशन तथा जीएसटी 2.0 बचत अभियान से संबंधित सेवाओं की जानकारी ली।
उपमुख्यमंत्री का संदेश
दिया कुमारी ने कहा कि सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को मौके पर राहत उपलब्ध कराना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सेवा शिविरों में भाग लेने और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में किए गए प्रमुख कार्य
-
मुख्यमंत्री जन आवास योजना के तहत 32 फ्लैट की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी गईं।
-
पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 9 लाभार्थियों को ₹2,75,000 की किस्त वितरित की गई।
-
कृषि भूमि नियमन में 10 लाभार्थियों को पट्टे प्रदान किए गए।
-
उपविभाजन/संयुक्तिकरण के 9 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र दिए गए।
-
69A नजूल के तहत 5 लाभार्थियों को पट्टे प्रदान किए गए।
-
3 लाभार्थियों को मकान निर्माण हेतु मानचित्र स्वीकृति जारी की गई।
-
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 मरीजों को पोषण किट वितरित की गईं।
-
डिसेबिलिटी सर्टिफिकेट दो लाभार्थियों को प्रदान किए गए।
-
सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 5 लाभार्थियों को स्वीकृति और 1 विधवा महिला को ₹1250 प्रतिमाह पेंशन दी गई।

सामाजिक सहभागिता
शिविर के दौरान उपमुख्यमंत्री ने सामाजिक परंपराओं को बढ़ावा देते हुए दिव्यांश नामक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार और खुशबू साहू की गोद भराई संपन्न कराई और परिजनों को शुभकामनाएं दीं।
जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
कार्यक्रम में विधायक शंकर सिंह रावत, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, जिला कलेक्टर कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, नगर परिषद आयुक्त श्रवण राम चौधरी, उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह सहित पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जीएसटी जागरूकता रैली
शिविर के बाद तेजा चौक बाजार में जीएसटी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने स्वयं व्यापारियों से संवाद कर हाल ही में दी गई जीएसटी राहत की जानकारी साझा की। व्यापारियों और दुकानदारों ने इस कदम का स्वागत करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया और कहा कि यह राहत दिवाली से पहले ही खुशियां लेकर आई है।




















































