लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बगरू के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल का मामला, स्कूल में अव्यवस्थाओं और पशुओं का तबेला बनाए जाने का आरोप; सीजेपी ने कहा—“स्कूल तो ठीक करनी पड़ेगी”
जयपुर। बगरू कस्बे के रामपुरा-कंवरपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं का जायजा लेने और ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के तहत मौके पर पहुंचे सीजेपी (सीजेपी) टीम के सदस्यों के साथ कथित रूप से मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना में टीम के प्रमुख आशुतोष रांका सहित कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में कुछ लोगों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
सीजेपी टीम के अनुसार, रामपुरा-कंवरपुरा के प्राथमिक स्कूल में अधिकांश बच्चे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। टीम का आरोप है कि स्कूल परिसर के एक हिस्से को कुछ दबंग परिवारों द्वारा कथित तौर पर पशुओं के तबेले के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय कमजोर वर्ग के लोग विरोध करने की स्थिति में नहीं हैं। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर टीम स्कूल की वास्तविक स्थिति देखने और अव्यवस्थाओं के खिलाफ आवाज उठाने पहुंची थी।
मौके पर हुआ विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप
आरोप है कि टीम के स्कूल पहुंचने के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। सीजेपी का दावा है कि टीम के सदस्यों को लाठी-डंडों से पीटा गया और उन्हें मौके से भगाया गया। वाहनों में भी तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है।
घटना में आशुतोष रांका को भी चोटें आई हैं। वहीं संजय मूंडरी का हाथ फ्रैक्चर होने की जानकारी दी गई है। गीगराज जोड़ली, संजय मूंडरी, पुष्पेंद्र बैरवा टोडाभीम और रेखा शर्मा सहित कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
“विरोध करना था तो प्रशासन और सरकार का करते”
सीजेपी टीम ने सवाल उठाया कि यदि स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर टीम द्वारा आवाज उठाई जा रही थी तो स्थानीय लोगों को इसका विरोध करने के बजाय प्रशासन और सरकार से स्कूल की व्यवस्थाएं सुधारने की मांग करनी चाहिए थी। टीम का कहना है कि स्कूल की व्यवस्था बेहतर होने का सीधा लाभ उन्हीं गरीब परिवारों के बच्चों को मिलेगा, जो वहां पढ़ाई कर रहे हैं।
सीजेपी ने आरोप लगाया कि कई बार स्थानीय स्तर पर लोग न तो खुद व्यवस्था में सुधार की पहल करते हैं और न ही किसी दूसरे व्यक्ति या संगठन को इसके लिए आवाज उठाने देते हैं।
रवि मेघवाल और गीगराज जोड़ली बोले—लाठी-डंडों से डरेंगे नहीं
घटना के बाद स्थानीय युवा नेता रवि मेघवाल और गीगराज जोड़ली ने कहा कि वे लाठी-डंडों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि “स्कूल तो ठीक करनी पड़ेगी। इसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा।”
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने और मामले में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का ऐलान
आशुतोष रांका ने घटना के बाद कहा कि अब राजस्थान में “शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इस्तीफा दो” अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्कूलों की बदहाल व्यवस्थाओं और सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिल रही सुविधाओं को लेकर सरकार को घेरने की बात कही।
सीजेपी का कहना है कि रामपुरा-कंवरपुरा का यह स्कूल उन बच्चों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है, जिनके परिवार निजी स्कूलों का खर्च उठाने की स्थिति में नहीं हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि स्कूल की व्यवस्थाएं सुधरने तक उसका अभियान जारी रहेगा।
पुलिस कार्रवाई पर नजर
घटना के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर सभी की नजर है। सीजेपी टीम ने मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई तथा आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।

















































