लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती है — भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया) ।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बिहार चुनाव, तेजस्वी यादव के बयानों और राजस्थान की अंता उपचुनाव में विपक्ष की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव अभी युवा हैं और उन्हें देश के संघीय ढांचे की समझ नहीं है।
राठौड़ ने कहा, “भारत संघीय व्यवस्था से चलता है और केंद्र सरकार के निर्णयों को सभी राज्यों को मानना होता है। कोई यह कहे कि हम केंद्रीय कानून को अपने राज्य में लागू नहीं होने देंगे — यह न केवल बचकानी बात है बल्कि संविधान की अवमानना भी है। देश एक है, कोई भी प्रदेश इससे अलग नहीं है।”
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और कांग्रेस पार्टी भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। तेजस्वी की वही भाषा है जो पहले राहुल गांधी बोलते थे। लेकिन इससे फर्क नहीं पड़ेगा — बिहार में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती आई है
राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है, कभी किसी वर्ग विशेष के लिए तो कभी गठबंधन के दबाव में। उन्होंने चारा घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि “कांग्रेस ने लालू प्रसाद यादव को बचाने की पूरी कोशिश की थी, मुकदमों को कमजोर करने के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली।”
उन्होंने कहा कि यदि एसआईआर सर्वे या मतदाता सूची की समीक्षा हो रही है, तो यह स्वागत योग्य कदम है। “जो लोग गलत तरीके से अपने नाम जुड़वा चुके हैं, उन्हें ही डर लग रहा है। ईमानदार नागरिकों को किसी डर की आवश्यकता नहीं है,” उन्होंने कहा।
कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर
कांग्रेस की स्थिति पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा, “आज कांग्रेस एकजुटता की बात करती है, लेकिन अपने ही मुख्यमंत्री को किसने नीचा दिखाया? पार्टी किसने तोड़ी? जो ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ की बातें कर रहे हैं, वही अपने नेताओं को बेचने पर मजबूर कर चुके हैं।”
उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह एकजुट है, किसी प्रकार का असंतोष नहीं है। “हमारे उम्मीदवार मोरपाल सुमन और सभी कार्यकर्ता क्षेत्र में सक्रिय हैं। वसुंधरा राजे और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं चुनाव की निगरानी कर रहे हैं।”
भ्रष्टाचार और गलत हथकंडों पर हमला
राठौड़ ने कहा कि विपक्ष गलत हथकंडे अपनाकर चुनाव जीतने की कोशिश कर रहा है। “हाल ही में करीब 9 करोड़ रुपए और शराब जब्त की गई है — ये सब चुनावी नैतिकता के खिलाफ है। जनता सब जानती है और जवाब देगी।”
उन्होंने भजनलाल शर्मा सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि “राजस्थान में उद्योग, बिजली, जल और सड़क चारों मोर्चों पर भाजपा सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है। पिछली कांग्रेस सरकार ने पाँच सालों में ईआरसीपी और बिजली व्यवस्था पर कोई कार्य नहीं किया। अब प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व में रामजल सेतू परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं और पाइपलाइन का काम चालू है।”
अंता उपचुनाव में कांग्रेस पर सीधा वार
अंता उपचुनाव को लेकर राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस का उम्मीदवार खुद और उसकी पत्नी दोनों जमानत पर हैं। उन पर भ्रष्टाचार और गबन के गंभीर आरोप हैं। “कांग्रेस का प्रत्याशी कलंकित चेहरा है, जबकि भाजपा का प्रत्याशी ईमानदार और जनता से जुड़ा हुआ है,” उन्होंने कहा।
राठौड़ ने दावा किया कि जनता भाजपा के साथ है और पार्टी पूर्ण बहुमत से जीत दर्ज करेगी।