लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार अल सुबह कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर एवं सार्वजनिक मुख्य तालाब परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, ग्रामीण युवा, महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा मनरेगा श्रमिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। ग्राम विकास अधिकारी संदीप गोदारा ने बताया कि कार्यक्रम में योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई तथा सभी को नियमित योगाभ्यास अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
योग प्रशिक्षक प्रदीप शर्मा एवं जयप्रकाश शर्मा ने योगाभ्यास करवाते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और निरोग जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इसी क्रम में सार्वजनिक मुख्य तालाब परिसर स्थित मनरेगा कार्यस्थल पर भी श्रमिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भारत माता के जयघोष के साथ स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मेट नरसाराम गोरा, कालू मोहम्मद, टीपू सुल्तान, मुकेश माली, साबिर सोलंकी, राजूराम हिलू, रईसा बानो सहित बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
