लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
22 विभागों की सेवाओं का लिया जायजा
10 आवासीय पट्टे वितरित, 22 प्रधानमंत्री आवास आवेदन प्राप्त, वर्षों पुराने राजस्व विवादों का मौके पर समाधान
पादूकलां। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पंचायत समिति भेरूंदा की ग्राम पंचायत बाड़ी घाटी स्थित आईटी सेंटर में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 विभागों ने एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराईं।
अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने शिविर का औचक निरीक्षण कर सभी विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
शिविर में पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार साफा बंधवाकर एवं माला पहनाकर संभागीय आयुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीणों को अधिकतम सरकारी सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराई जाएं।
22 विभागों ने दीं विभिन्न सेवाएं
सहायक विकास अधिकारी नंदकिशोर टाक ने बताया कि शिविर में राजस्व, पंचायती राज, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, बैंकिंग, परिवहन, सामाजिक न्याय सहित 22 विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान कीं।
पंचायती राज विभाग की ओर से 10 आवासीय पट्टों का वितरण किया गया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के 22 नए आवेदन प्राप्त हुए। राजस्व विभाग ने 3 बंटवारा, 15 नामांतरण तथा 10 नाम शुद्धिकरण प्रकरणों का निस्तारण किया और करीब 100 जाति एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र जारी किए। पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के दावा भुगतान पत्र वितरित किए। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने भी योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया।
वर्षों पुराने विवादों का हुआ समाधान
शिविर की प्रमुख उपलब्धियों में वर्षों से लंबित दो भाइयों के भूमि बंटवारा विवाद का आपसी सहमति से समाधान तथा एक बुजुर्ग महिला की रुकी हुई सामाजिक सुरक्षा पेंशन को पुनः प्रारंभ कराया जाना शामिल रहा। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।
तहसीलदार अशोक कुमार ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से लंबे समय से लंबित एवं जटिल राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल रही है।
ग्रामीणों ने जताया संतोष
शिविर की व्यवस्थाएं प्रशासक लोंगादेवी एवं प्रशासक प्रतिनिधि शंकरलाल बंजारा के नेतृत्व में संपन्न हुईं, जबकि ग्राम विकास अधिकारी दिनेश दायमा ने संचालन की जिम्मेदारी निभाई।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया, तहसीलदार अशोक कुमार, विकास अधिकारी भंवरलाल सिंघानिया, नायब तहसीलदार रामचंद्र भंवरिया, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र चौधरी, सीडीपीओ डालूराम कुमावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि एक ही स्थान पर 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से वर्षों से लंबित कार्यों का त्वरित समाधान हुआ। उन्होंने ऐसे शिविरों को आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।