लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह | ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के श्रीकरणपुर कस्बे में गुरुसर रोड स्थित शनि मंदिर के पास शुक्रवार को पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में श्रीगंगानगर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वहीं, घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए हैं।
नाई की दुकान पर हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, गांव 19 ओ निवासी चरणजीत पुत्र गुरदीप सिंह और वार्ड नंबर 2 निवासी शिवराज पुत्र रामप्रताप मेघवाल एक नाई की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दूसरे गुट के कुछ युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से ईंट-पत्थरों तथा चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) श्रीकरणपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए श्रीगंगानगर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
पहले भी हो चुकी थी दोनों पक्षों में कहासुनी
सूत्रों के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश चल रही थी। बताया जा रहा है कि बीती रात भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विवाद को लेकर पहले भी थाने में परिवाद दिया गया था, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं होने से विवाद बढ़ता गया।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है कि यदि पूर्व में दिए गए परिवाद पर समय रहते कार्रवाई की जाती, तो संभवतः आज की चाकूबाजी की घटना को रोका जा सकता था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों घायल बेहोश होने के कारण उनके बयान नहीं लिए जा सके हैं। साथ ही, अब तक परिजनों की ओर से भी कोई परिवाद प्रस्तुत नहीं किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायलों के होश में आने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। परिवाद मिलने के पश्चात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।