Home latest संभागीय आयुक्त ने कलेक्ट्रेट व केंद्रीय कारागृह का किया निरीक्षण

संभागीय आयुक्त ने कलेक्ट्रेट व केंद्रीय कारागृह का किया निरीक्षण

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अजमेर (नितिन मेहरा)। शक्ति सिंह राठौड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय अजमेर और केंद्रीय कारागृह अजमेर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट निरीक्षण के दौरान उन्होंने फाइलों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए पुरानी फाइलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। आरटीआई के लंबित मामलों की जानकारी लेकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। साथ ही संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाने और अनुपयोगी सामान के निस्तारण के निर्देश भी दिए।

इसके बाद संभागीय आयुक्त ने केंद्रीय कारागृह का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान जेल प्रहरियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया और बंदी बैंड ने स्वागत किया। उन्होंने कारागृह में चल रही विभिन्न सुधारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उद्योगशाला में बन रहे कारपेट, साबुन निर्माण इकाई और आईटीआई कौशल विकास केंद्रों की सराहना की।

उन्होंने बंदी भोजनशाला की स्वच्छता और पोषण व्यवस्था की जांच की तथा जेल चिकित्सालय, विशेष मनोरोगी वार्ड और लाचार बंदी वार्ड का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष की आधुनिक व्यवस्थाओं को भी परखा।

कारागृह में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए चल रहे संगीत प्रशिक्षण और डांस क्लास को देखकर आयुक्त ने संतोष जताया। साथ ही जेल ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुतियों और जेल वाणी (जेल रेडियो) के माध्यम से बंदियों के मनोरंजन व जानकारी के नवाचार की विशेष सराहना की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version