Home education देवनानी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड का किया लोकार्पण

देवनानी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड का किया लोकार्पण

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

अजमेर (नितिन मेहरा)। वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर को गुलामी के प्रतीकों से मुक्त कर उसे भारत के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का संकल्प लिया गया है और यह कार्य लगातार जारी है।

गुरुवार को उन्होंने पूर्व में राजकीय मोइनिया इस्लामिया उच्च माध्यमिक विद्यालय के नाम से संचालित विद्यालय के परिवर्तित नाम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड का लोकार्पण किया।

देवनानी ने बताया कि शहर में कई स्थानों के नाम बदले गए हैं। स्टेशन रोड स्थित एडवर्ड मेमोरियल का नाम बदलकर महर्षि दयानंद विश्रांति गृह किया गया। इसी तरह फॉयसागर झील का नाम बदलकर वरुण सागर किया गया और राजस्थान पर्यटन विकास निगम की होटल का नाम अजयमेरू रखा गया। साथ ही वीर शहीद अविनाश माहेश्वरी के नाम पर सड़क का नामकरण और नए एलिवेटेड रोड का नाम रामसेतु रखा गया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का पूर्व नाम गुलामी के प्रतीक से जुड़ा हुआ था, इसलिए अब इसे क्षेत्र की पहचान के अनुरूप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड नाम दिया गया है।

देवनानी ने अजमेर के विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि तारागढ़ किला के विकास के लिए भजनलाल शर्मा द्वारा 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लेपर्ड सफारी, वरुण सागर के सौंदर्यीकरण और अन्य परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए आयुर्वेद विश्वविद्यालय से संबंधित विधेयक पारित किया गया है और रामनगर क्षेत्र में पंचकर्म केंद्र स्थापित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में नए कक्षों का निर्माण तथा गांधी भवन में बहुमंजिला लाइब्रेरी बनाने का प्रस्ताव भी है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, पार्षद भारती श्रीवास्तव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी दर्शना शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version