लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
विजेता को ₹1,11,000 और उपविजेता को ₹51,000 नगद पुरस्कार
समदड़ी ।
समदड़ी कस्बे के रेलवे स्टेशन रोड स्थित टाइगर ठाकुर मनोहर करण सिंह खेल मैदान में स्व. चंदनमल बागरेशा की पुण्य स्मृति में पहली बार 7 दिवसीय रात्रि कालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। क्षेत्र में आयोजित इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया है। विजेता टीम को ₹1,11,000 नगद और उपविजेता को ₹51,000 नगद पुरस्कार व ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गोविंद राम बगेची, गादीपति महंत नरसिंह दास महाराज का सानिध्य व आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समदड़ी ठाकुर नटवर करण सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व बाड़मेर-जैसलमेर सांसद कर्नल मानवेंद्र सिंह जसोल और विशिष्ट अतिथि पूर्व सिवाना विधानसभा प्रत्याशी पंकज प्रताप सिंह, समदड़ी CHC प्रभारी डॉ. राजेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह का प्रारंभ श्री दाता भुराराठौर की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। अतिथियों का बागरेचा परिवार की ओर से ढोल-नगाड़ों, पटाखों, साफा-माला और मोमेंटो देकर भव्य स्वागत किया गया। उद्घाटन मैच की पहली पारी में ‘बावड़ी के राजा’ ने बैटिंग का मौका हासिल किया। कर्नल मानवेंद्र सिंह जसोल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने हेतु बैट से खेल का शुभारंभ किया।
ऑडिटोरियम निर्माण की मांग
कार्यक्रम में भाजपा वरिष्ठ कार्यकर्ता गणपत राज मेहता ने खेल मैदान के पीछे स्थित दो बीघा वन विभाग की जमीन ऑडिटोरियम निर्माण के लिए उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से बात कर फंड का आवंटन कर ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाए, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें। इस पर कर्नल मानवेंद्र सिंह जसोल ने आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस मांग पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुँचाकर आवश्यक प्रयास करेंगे।
खेल से बढ़ेगा भाईचारा और युवाओं का भविष्य
अपने संबोधन में कर्नल जसोल ने कहा कि खेल युवाओं के लिए आवश्यक है और इससे आपसी सौहार्द व भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए बागरेचा परिवार और आयोजकों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ समाज में आपसी मेल-जोल बढ़ाने का बेहतरीन माध्यम हैं और प्रधानमंत्री द्वारा ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों से इसका महत्त्व और बढ़ा है।
सहभागिता और उत्साह
इस मौके पर कांग्रेस सेवा दल के हुकम सिंह अजीत, सरपंच सुरेंद्र सिंह चारण, प्रधान प्रतिनिधि मुकेश जीनगर, व्यापार मंडल सदस्य जोधाराम चौधरी, समदड़ी सरपंच प्रतिनिधि गोविंद माली सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का यह आयोजन न केवल खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि क्षेत्र में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने का एक प्रेरणादायक कदम भी है।

















































