लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
18 नवम्बर तक चलेगा सड़क सुरक्षा अभियान, विभागवार जिम्मेदारियां तय
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर।
जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगामी 18 नवम्बर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर लोक बन्धु ने की और अधिकारियों को दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ठोस कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील पहल
जिला कलक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सड़क सुरक्षा को लेकर संवेदनशील हैं। इसी के तहत राज्य में यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी, मृत्यु दर घटाना, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, तथा सड़क उपयोगकर्ताओं में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़ाना है।
कड़े कदम: ओवरलोडिंग, शराब सेवन और ओवरस्पीड पर सख्ती
कलक्टर ने कहा कि परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग द्वारा ओवरलोडिंग, अनाधिकृत संचालन, तथा फिटनेस उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दोहराए गए ओवरस्पीड और शराब सेवन के मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्यवाही होगी।
जिला स्तर पर संयुक्त निरीक्षण दल गठित कर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
15 दिनों में अनाधिकृत कट बंद करने के निर्देश
सार्वजनिक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को निर्देश दिए गए कि सभी राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत कट को 15 दिनों में बंद किया जाए।
सड़कों के डिवाइडर पर रेलिंग, साइन बोर्ड, झाड़ियां हटाने, गड्ढे भरने और व्हाइट लाइनिंग का कार्य भी 15 दिन में पूरा किया जाए।
अवैध ढाबे और अनाधिकृत संरचनाओं को हटाने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण और एम्बुलेंस मॉनिटरिंग
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को 45 वर्ष से अधिक आयु के चालकों का नेत्र परीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
गलत प्रमाणपत्र जारी करने वाले चिकित्सकों पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
साथ ही ट्रोमा सेंटरों, अस्पतालों और एम्बुलेंस की तत्परता की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।
नगर निकाय और श्रम विभाग को भी निर्देश
स्थानीय निकायों को फुटपाथ अतिक्रमण मुक्त करने, प्रकाश व्यवस्था सुधारने, और नो-एंट्री जोन के पुनः परीक्षण के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग को ट्रांसपोर्ट कंपनियों द्वारा चालकों से अत्यधिक समय तक वाहन चलवाने की शिकायतों पर कार्यवाही करने को कहा गया।
पुलिस विभाग ने बताए मुख्य ब्लैक स्पॉट
पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने कहा कि सभी विभाग मिलकर अभियान को सफल बनाएं।
उन्होंने बताया कि जिले में ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जा चुके हैं, जिन पर शीघ्र कार्य किया जाएगा।
शराब पीकर, तेज गति से, गलत दिशा में, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।
सभी राजमार्गों पर लेन ड्राइविंग सिस्टम लागू किया जाएगा।
इस बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश, अतिरिक्त जिला कलक्टर नरेन्द्र कुमार मीणा, नगर निगम उपायुक्त अनिता चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु एवं अजय, सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
