लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
सरमथुरा क्षेत्र में दो ट्रैक्टर जब्त, कंप्रेसर मशीन सहित रेता परिवहन वाहन सीज
धौलपुर/सरमथुरा।
वन विभाग ने डीएफओ डॉ. आशीष व्यास के निर्देशन में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर मय कंप्रेसर मशीन तथा चंबल रेता परिवहन में उपयोग किए जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।
यह कार्रवाई मदनपुर और झिरी वनखंड में रेंजर देवेंद्र चौहान के नेतृत्व में की गई।
वन विभाग की गश्त के दौरान इन वाहनों को अवैध खनन व परिवहन गतिविधियों में लिप्त पाया गया, जिसके बाद तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, खनन माफियाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जा रही है।
वन क्षेत्र में अवैध खनन की गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
