Home latest सांभर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा रक्तदान शिविर और जनजागरूकता रैली

सांभर में ब्रह्माकुमारीज द्वारा रक्तदान शिविर और जनजागरूकता रैली

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

सांभरलेक | रिपोर्ट – डब्लू गोस्वामी

विश्व बंधुता दिवस एवं दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय शाखा सांभर लेक एवं राजकीय शाकंभरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय एनसीसी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

इससे पूर्व शनिवार को ब्रह्माकुमारी सेंटर से एक रक्तदान महादान जागरूकता रैली निकाली गई। संस्था संचालिका उर्मिला बहन ने परमात्म ध्वज दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रक्तदान को प्रेरित करने वाले स्लोगन और बैनर लेकर भाग लिया।

रैली मुख्य बाजार, बस स्टैंड, पांच बत्ती चौराहा, तेली दरवाजा, गोला बाजार होते हुए गट्टाणी बाजार से सांभर साल्ट लिमिटेड मुख्य द्वार तक पहुंची। जगह-जगह व्यापारी बंधुओं और आमजन ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया और रक्तदान का संकल्प लिया।

अभियान का उद्देश्य

ब्रह्माकुमारीज द्वारा 22 से 25 अगस्त तक भारत और नेपाल में रक्तदान अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक लाख यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है ताकि जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके और उनकी जान बचाई जा सके।

मुख्य अतिथि

सांभर में आयोजित होने वाले इस रक्तदान शिविर में उपखंड अधिकारी श्रीमान ऋषिराज कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

संस्थान का आह्वान

संस्था प्रमुख उर्मिला बहन ने कहा:

“रक्तदान किसी के लिए जीवनदान बन सकता है। सभी को चाहिए कि इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लें और अनजान मददगार बनकर लोगों की दुआएं कमाएँ।”

एनसीसी केयरटेकर ऑफिसर डॉ. नंदा राम ने भी केडेट्स को रक्तदान का महत्व बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार, एनसीसी कैडेट्स तथा संस्था से जुड़े सैकड़ों भाई-बहन मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version