Home latest सांभर झील में मछलियों व पक्षियों की मौत पर प्रशासन सख्त 

सांभर झील में मछलियों व पक्षियों की मौत पर प्रशासन सख्त 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 एसडीओ की अध्यक्षता में आपात बैठक

नावां सिटी (मनीष पारीक)। सांभर झील क्षेत्र में मृत और घायल मछलियों तथा प्रवासी व स्थानीय पक्षियों की घटनाओं को लेकर सोमवार को प्रशासन सतर्क हो गया। इस संबंध में नावां सिटी में उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में आपातकालीन बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मत्स्य पालन विभाग अजमेर, तहसीलदार नावां, वन विभाग कुचामन के क्षेत्रीय अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी नावां, एवीवीएनएल, नगरपालिका नावां, सांभर साल्ट लिमिटेड के प्रतिनिधि तथा मत्स्य ठेकेदार अब्दूल सलीम नागोरियन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में झील क्षेत्र में मृत और जीवित मछलियों तथा पक्षियों के स्वास्थ्य संरक्षण, बचाव और निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सहायक मत्स्य विकास अधिकारी अजमेर ने बताया कि मत्स्य ठेकेदार द्वारा नियमानुसार मृत एवं जीवित मछलियों को पकड़ने और उनके निस्तारण का कार्य किया जा रहा है। मृत मछलियों के निस्तारण के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग पर उपखण्ड अधिकारी ने तहसीलदार नावां को उचित स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए।

घायल और मृत पक्षियों के रेस्क्यू के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पशु चिकित्सालय नावां लाकर वन विभाग के अस्थायी रेस्क्यू सेंटर मीठड़ी भेजने के निर्देश भी दिए गए। वन विभाग के अनुसार वर्तमान में 8 टीमें प्रतिदिन घायल और मृत पक्षियों के बचाव और उपचार का कार्य कर रही हैं।

इसके अलावा तहसीलदार को झील क्षेत्र में अवैध विद्युत केबल, पाइपलाइन और अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व टीम गठित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं एवीवीएनएल को झील क्षेत्र में आवश्यकतानुसार बिजली आपूर्ति बंद रखने और अवैध कनेक्शन हटाने के लिए भी पाबंद किया गया है।

बैठक के बाद उपखण्ड अधिकारी सहित सभी अधिकारियों ने सांभर झील क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version