लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ANM और आशा सहयोगिनियों ने गांव-गांव जाकर संभाली कमान
नावां सिटी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग राजस्थान ने राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर नावां उपखंड में डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान जिला कलेक्टर अवधेश मीणा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देशों पर आयोजित किया गया।
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चला विशेष अभियान
ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ जैन के नेतृत्व में उपखंड के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और उप स्वास्थ्य केंद्रों पर सघन जागरूकता एवं सर्वे अभियान संचालित किया गया।
घर-घर पहुंचीं ANM और आशा सहयोगिनियां
अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए ANM और आशा सहयोगिनियों ने गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को जागरूक किया।
टीमों ने घर-घर सर्वे के दौरान—
- कूलर, टायर और पानी के बर्तनों की जांच की
- जमा पानी को खाली करवाकर लार्वा नष्ट कराया
- महिलाओं और परिवारों को मच्छरों से बचाव के तरीके बताए
- पानी के बर्तनों को ढककर रखने की सलाह दी
‘ड्राई डे’ मनाने की अपील
डॉ. सौरभ जैन ने कहा कि डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि हर रविवार को ‘ड्राई डे’ के रूप में मनाएं और कूलर, टंकियों व अन्य बर्तनों को खाली कर साफ करें।
अस्पतालों में निशुल्क जांच और उपचार की व्यवस्था
डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में डेंगू की निशुल्क जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बुखार या डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें।