लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सत्यनारायण सेन, गुरला
भीलवाड़ा। रायपुर क्षेत्र के लोगों ने रोडवेज बसों के नियमित संचालन की मांग तेज कर दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गंगापुर–रायपुर स्टेट मार्ग से जुड़े होने के बावजूद यहां रोडवेज बस सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिससे लोगों को महंगी और असुरक्षित निजी बसों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
रायपुर–देवगढ़–जोधपुर तथा गंगापुर–भीलवाड़ा को जोड़ने वाला यह मार्ग महत्वपूर्ण होने के बावजूद भीलवाड़ा डिपो की एक भी बस रायपुर तक संचालित नहीं हो रही। ग्रामीणों का कहना है कि निजी बस संचालक मनमाना किराया वसूलते हैं और समय-सारणी का पालन नहीं करते। कई बार बसों की छत पर स्कूली छात्र-छात्राएं बैठे नजर आते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इलाज व अन्य जरूरी कार्यों के लिए रायपुर क्षेत्र के लोगों को 75 किलोमीटर दूर भीलवाड़ा जाना पड़ता है। यदि रायपुर–कोशीथल–गंगापुर–भीलवाड़ा मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन शुरू हो जाए तो आमजन को राहत मिल सकेगी।
हड़ताल से कई रूट प्रभावित
ट्रेवल्स व निजी बस एसोसिएशन ने हड़ताल के समर्थन में चक्का जाम किया, जिससे कई मार्गों पर बस संचालन ठप रहा—
-
रायपुर (वाया गुरला–महेन्द्रगढ़): 2 निजी बसें बंद, रोडवेज बस नहीं।
-
गंगापुर रूट: सभी निजी बसें बंद, केवल जयपुर आगार की एक रोडवेज बस (रात्रि 9 बजे)।
-
करेड़ा–देवगढ़ रूट: सभी निजी बसें बंद, रोडवेज नहीं।
-
कपासन (वाया गुरला–कारोई): 12 निजी बसें बंद, रोडवेज नहीं।
-
भीम (वाया करेड़ा): निजी बसें बंद।
-
रायपुर (वाया बागौर): 10 निजी बसें बंद, रोडवेज नहीं।
-
ब्यावर रूट: 55 निजी बसें बंद, रोडवेज नहीं।
-
बस्सी (वाया मंगरोप): 5 निजी बसें बंद।
-
रावतभाटा (वाया हलेड़): 3 निजी बसें बंद।
क्षेत्रवासियों ने स्थानीय विधायक लादू लाल पितलिया एवं रोडवेज अधिकारियों से मांग की है कि भीलवाड़ा, जोधपुर, पाली, ब्यावर, फालना, चित्तौड़गढ़, राजसमंद और उदयपुर आगार से रायपुर क्षेत्र के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि रोडवेज बसें शुरू होने से महिलाओं को किराए में छूट, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को रियायत सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।