लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जंगल में छोड़ गया वाहन, तस्कर फरार
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद | राजसमंद जिले में कुंवारिया थाना पुलिस ने वांछित नशा तस्कर को पकड़ने के लिए देर रात फिल्मी अंदाज़ में ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने करीब 15 से 20 किलोमीटर तक तस्कर का पीछा किया, लेकिन शातिर तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने मौके से तस्कर का वाहन जब्त कर लिया है।
कुंवारिया थाना अधिकारी रामचंद्र कुमावत ने बताया कि रेलमगरा थाना क्षेत्र में एमडी मादक पदार्थ से जुड़े एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे एक वांछित नशा तस्कर की जांच कुंवारिया पुलिस को सौंपी गई थी। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिलने पर कुंवारिया पुलिस, डीएसटी टीम और हथियारबंद पुलिस बल ने संयुक्त रूप से देर रात कार्रवाई शुरू की।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध वाहन को चिन्हित कर पीछा शुरू किया। पुलिस टीम ने तस्कर का करीब 20 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान तस्कर तेज गति से वाहन चलाता रहा। जब वह बडारडा क्षेत्र के जंगल में पहुंचा तो अचानक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने जंगल क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब 30 पुलिस जवानों ने देर रात तक जंगल में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन तस्कर पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका।
पुलिस ने मौके से तस्कर की बलेनो कार जब्त कर ली, जिसे क्रेन की मदद से कुंवारिया थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशा तस्कर लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता आ रहा है।
फिलहाल पुलिस निरीक्षक रामचंद्र कुमावत, एएसआई रामसिंह, हेड कांस्टेबल धीरज चंद, डीएसटी टीम प्रभारी सोनाली शर्मा, इंद्र कुमार एवं अरविंद की टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस का दावा है कि फरार वांछित नशा तस्कर को जल्द ही गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।
