लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सत्यप्रकाश मयंक | उनियारा
उनियारा। उपखंड क्षेत्र के बनेठा कस्बे की छात्रा सवीना योगी को इंस्पायर योजना के तहत बेहतरीन मॉडल प्रस्तुत करने और राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने पर टोंक जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने सम्मानित किया।
इंस्पायर योजना केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित की जाती है, जिसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत राज्यस्तरीय कार्यक्रम नागौर में सेठ किशनलाल कांकरिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेशभर के छात्र-छात्राओं ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। सवीना योगी का राष्ट्रीय स्तर के लिए चयन टोंक जिले की एकमात्र छात्रा के रूप में हुआ।
कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने सवीना को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके मॉडल संबंधी जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों की मौलिक सोच और विज्ञान के प्रति रचनात्मकता को बढ़ावा देता है और उन्हें देश के लिए नया करने की प्रेरणा देता है।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी टोंक कृष्ण गोपाल शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उनियारा हरिराम मीणा, इंस्पायर अवार्ड ब्लॉक प्रभारी मीठालाल मीणा, विद्यालय संचालक हरिश जैन एवं सवीना के अभिभावक सांवरमल योगी भी उपस्थित रहे।
सवीना ने कहा कि इस सफलता से उनका हौसला बढ़ा है और वे राष्ट्रीय प्रदर्शनी में भी स्थान बनाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने अपने शिक्षक हरीश जैन के मार्गदर्शन में कड़ी मेहनत का जिक्र किया। सभी ने सवीना के चयन को जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।
