लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनीष पारीक | नावा सिटी
नावा सिटी। शहर के राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु भव्य सहवाग (फ्रेशर) समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सीनियर विद्यार्थियों द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंग देखने को मिले।
समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा रैम्प वॉक का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के शिक्षकों ने शैक्षणिक और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम के अंत में पुरस्कृत किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कोमल कुमावत ने बॉलीवुड रीमिक्स पर शानदार प्रस्तुति दी, घूमर और मेघा ने राजस्थानी गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। मनीषा और उनकी टीम ने “आलसी नृत्य” की प्रस्तुति दी, वहीं कल्पना, करिश्मा, कृष्णा और पूनम ने बॉलीवुड रीमिक्स पर नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सौरभ जैन (बीसीएमओ नावा), थाना अधिकारी नंद लाल और डॉ. राजवीर चौधरी (पीएमओ, उप जिला चिकित्सालय) रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नर्सिंग क्षेत्र में सेवा, अनुशासन और समर्पण का महत्व समझाया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य रामनिवास मूंड ने की। संकाय सदस्य सुरेंद्र सिंह, लाल राम, अनिता कुमारी, अंजु कुमारी सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
