लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अखिल भारतवर्षीय माहेश्वरी महासभा द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाअधिवेशन “माहेश्वरी महाकुंभ” में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू को ‘समाज गौरव’ की उपाधि से सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान जाजू को पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण, पशु कल्याण, जल स्रोतों के पुनर्जीवन तथा हरित आवरण विस्तार के क्षेत्र में उनके दीर्घकालिक, निष्ठावान और प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया गया।
जोधपुर में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े तथा भारत सरकार के विधि आयोग के अध्यक्ष एवं सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी द्वारा, अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के अध्यक्ष संदीप काबरा की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया।
बाबूलाल जाजू के सतत प्रयासों से न केवल प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हुआ है, बल्कि भावी पीढ़ियों में पर्यावरण संरक्षण की चेतना भी सुदृढ़ हुई है। उल्लेखनीय है कि इस सम्मान के लिए गठित चयन समिति में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी और न्यायपालिका से जुड़े न्यायमूर्ति सदस्य शामिल थे।











































