लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
92 हजार सरकारी नौकरियां, निजी क्षेत्र में 2 लाख से अधिक रोजगार
— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
रितु मेहरा
जयपुर | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बीते पांच वर्षों में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी रोजगार सृजित करने के लक्ष्य के तहत अब तक लगभग 92 हजार सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.53 लाख से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। वहीं, निजी क्षेत्र में 2 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को कॉमर्स कॉलेज, जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय रोजगार मेले को संबोधित कर रहे थे, जो राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किया गया।
100 से अधिक नियोक्ताओं की सहभागिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह रोजगार मेला सरकार की उस सोच का प्रतीक है, जिसमें रोजगार के साथ-साथ कौशल और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। मेले में 20 से अधिक सेक्टर्स से जुड़े 100 से अधिक नियोक्ताओं ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि ऐसे रोजगार मेले अब हर जिले में नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हो सकें।
दो वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में एक भी भर्ती परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ, जबकि पूर्ववर्ती सरकार के समय युवाओं को इस समस्या से भारी पीड़ा झेलनी पड़ी। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
राइजिंग राजस्थान से रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू किए गए हैं, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पर ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। इससे राज्य में उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री युवा संबल योजना से 4 लाख से अधिक युवा लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 410 रोजगार सहायता शिविरों के माध्यम से 1.11 लाख से अधिक बेरोजगार युवाओं का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख से अधिक युवाओं को लाभ मिला है और 1,156 करोड़ रुपये बेरोजगारी भत्ते के रूप में वितरित किए जा चुके हैं।
चयनित युवाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा विभिन्न कंपनियों की स्टॉल का अवलोकन कर जानकारी ली।
मंत्री राठौड़ का बयान
कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान के युवा मेहनती और अनुशासित हैं। निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रदेश के युवाओं को प्राथमिकता दे रही हैं और यह रोजगार मेला आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, बड़ी संख्या में युवा एवं निजी नियोक्ता उपस्थित रहे।