Home latest राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: आरपीए जयपुर में दिखेगी खाकी की भव्यता 

राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस: आरपीए जयपुर में दिखेगी खाकी की भव्यता 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होंगे मुख्य अतिथि, लेंगे परेड की सलामी

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) 77वें राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार 16 अप्रैल को राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। प्रातः 7:15 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में राजस्थान पुलिस की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन और वीरता का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।

महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि समारोह की शुरुआत मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा अकादमी स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ होगी। इसके पश्चात परेड ग्राउंड में शानदार सेरेमोनियल परेड आयोजित की जाएगी। इस परेड में राजस्थान पुलिस अकादमी, आरएसी की चौथी व पांचवीं बटालियन, आयुक्तालय जयपुर की निर्भया स्क्वॉड, यातायात कर्मी, हाड़ी रानी महिला बटालियन अजमेर, एसडीआरएफ, जीआरपी, एमबीसी खैरवाड़ा, ईआरटी और घुड़सवार दल सहित कुल 12 प्लाटून सम्मिलित होंगी। परेड के दौरान आरपीए का सेंट्रल बैंड अपनी मधुर धुनों से जोश का संचार करेगा।

युवा नेतृत्व में होगा शक्ति प्रदर्शन
परेड का नेतृत्व प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी कार्तिकेय वर्मा जिला अलवर करेंगे, जबकि प्रशिक्षु आईपीएस सिद्धार्थ श्रीवास्तव कोटा शहर रिजर्व परेड कमांडर की भूमिका में रहेंगे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके विशिष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही, राज्य के सर्वश्रेष्ठ पुलिस थानों और उत्कृष्ट बीट कांस्टेबलों को भी सम्मानित किया जाएगा। पुलिस दिवस के मंच से उन जागरूक नागरिकों और सामाजिक संगठनों को भी पुरस्कार दिए जाएंगे जिन्होंने प्राकृतिक आपदा, गंभीर अपराध निवारण या आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की असाधारण मदद की है।

नवाचार: सेवानिवृत्त कर्मियों के लिए लॉन्च होगा विशेष पोर्टल
पुलिस दिवस के इस विशेष अवसर पर राजस्थान पुलिस तकनीक की दिशा में एक नया कदम बढ़ाने जा रही है। सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए विकसित किए जा रहे एक नए पोर्टल और मोबाइल ऐप को लॉन्च किया जाना प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त अकादमी के चिकित्सालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जहाँ पुलिसकर्मी और अधिकारी रक्तदान कर सामाजिक सरोकार निभाएंगे।

‘बड़ा खाना’ और सांस्कृतिक संध्या से होगा समापन
दिन भर चलने वाले विभिन्न सेमिनारों और कार्यक्रमों के पश्चात, शाम 7:00 बजे अकादमी स्टेडियम में बड़ा खाना और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह परंपरा पुलिस परिवार के सदस्यों के बीच सौहार्द और एकजुटता को बढ़ावा देने के लिए निभाई जाती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version