लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कलेक्टर हसीजा बोले – हर घर पहुंचेंगे बीएलओ, मतदाता सूची बनेगी अधिक सटीक और पारदर्शी
रिपोर्टर: गौतम शर्मा, राजसमंद।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) अभियान में राजसमंद जिला 70.37 प्रतिशत मैपिंग के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 28 अक्टूबर 2025 से 7 फरवरी 2026 तक चलेगा, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को पूर्णतः सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है।
कलेक्टर ने बताया कि अब तक की प्रगति टीमवर्क का परिणाम है और उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय पूरी प्रशासनिक टीम व बीएलओ नेटवर्क को दिया। 
मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रमुख तिथियां
-
28 अक्टूबर – 3 नवंबर 2025: प्रशिक्षण एवं गणना प्रपत्र मुद्रण
-
4 नवंबर – 4 दिसंबर 2025: घर-घर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण
-
9 दिसंबर 2025: मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन
-
9 दिसंबर – 8 जनवरी 2026: दावे एवं आपत्तियां स्वीकार
-
9 दिसंबर – 31 जनवरी 2026: सत्यापन व सुनवाई प्रक्रिया
-
7 फरवरी 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
कलेक्टर हसीजा बोले – बीएलओ पहुंचेंगे हर घर
कलेक्टर हसीजा ने बताया कि प्रत्येक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी अद्यतन करेंगे।
अधिकांश मामलों में कोई दस्तावेज लेने की आवश्यकता नहीं होगी — केवल आवश्यक स्थिति में ही प्रमाण मांगा जाएगा।
उन्होंने कहा, “आमजन को कहीं जाने की जरूरत नहीं, बीएलओ स्वयं आपके घर पहुंचेंगे।”
जिले की निर्वाचन स्थिति
राजसमंद जिले में वर्तमान में 9,65,898 मतदाता पंजीकृत हैं —
-
भीम विधानसभा: 2,40,492
-
कुंभलगढ़: 2,34,671
-
राजसमंद: 2,41,821
-
नाथद्वारा: 2,48,914
वर्तमान में 988 मतदान केंद्र हैं, जिन्हें पुनर्गठन के बाद 1134 केंद्रों तक बढ़ाया जाएगा।
भीड़ कम करने के लिए 146 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, ताकि प्रत्येक मतदाता को नजदीकी केंद्र पर मतदान की सुविधा मिल सके।
सतत मॉनिटरिंग और पारदर्शिता पर जोर
हसीजा ने बताया कि सुपरवाइजर से लेकर सीईओ स्तर तक कड़ी मॉनिटरिंग की जा रही है।
बीएलओ प्रतिदिन अपने कार्य की प्रगति रिपोर्ट दर्ज कर रहे हैं, जिसे ईआरओ, डीईओ और सीईओ स्तर पर समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर से मतदाता सूचियां अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटि-रहित बनेंगी।
अनुशासनहीनता पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर हसीजा ने चेतावनी दी कि लापरवाही या त्रुटि करने वाले कार्मिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता केवल एक ही गणना प्रपत्र भरेगा, ताकि सूचियों में डुप्लिकेसी समाप्त हो सके।