लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
दूदू में पीएम आवास योजना और पट्टा विवाद ने पकड़ा तूल
रिपोर्ट: डब्लू. गोस्वामी, दूदू
दूदू। उपखंड के काकरिया नाड़ा बागरिया की ढाणी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले पट्टों को लेकर एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। आरोप लगाया जा रहा है कि उपमुख्यमंत्री एवं दूदू विधायक डॉ. प्रेमचंद बैरवा की छवि को धूमिल करने के लिए कुछ राजनेताओं द्वारा जानबूझकर झूठी शिकायतें की जा रही हैं।
स्थानीय रिपोर्टर द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई पड़ताल में पाया गया कि ढाणी में वर्षों से निवास कर रहे बावरिया समाज के लोगों को ग्राम पंचायत द्वारा पंचायत राज अधिनियम के तहत विधिवत पट्टे जारी किए गए थे, जिनकी रजिस्ट्री भी हो चुकी है। गांव के वरिष्ठ नागरिकों और पूर्व वार्डपंच मंगल प्रजापत ने स्पष्ट किया कि यह भूमि खसरा नंबर 3774, 4210, 4211 में दर्ज है और यह क्षेत्र शहरी दूदू से दूर है, जहां सरकारी कार्यालय तक पहुंचने में लगभग 1 किलोमीटर की दूरी तय करनी होती है।
पूर्व वार्डपंच मंगल प्रजापत ने बताया कि–
“यह आबादी भूमि है, जहां गरीब लोग वर्षों से रह रहे हैं। पंचायत ने बिना किसी भेदभाव के हर जाति को नियमानुसार पट्टे दिए हैं। यह राजनीति का खेल है, जिसमें अध्यक्ष और विधायक को नीचा दिखाने का प्रयास किया जा रहा है।”
उन्होंने यह भी साफ किया कि किसी से कोई धनराशि नहीं ली गई और सभी प्रक्रिया पंचायत राज अधिनियम के तहत पूर्ण रूप से पारदर्शी रही है।
गौरतलब है कि इस भूमि और पट्टों की पहले ऑडिट भी हो चुकी है, जिससे शिकायतों का कोई ठोस आधार नहीं दिखता। स्थानीय लोगों का मानना है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह मामला तूल पकड़ा गया है।
अब देखना यह है कि क्या यह विवाद वास्तव में भ्रष्टाचार से जुड़ा है या सिर्फ एक राजनीतिक साजिश?

















































