लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कांकरोली और कुंवारिया पुलिस की संयुक्त नाकाबंदी में वाहनों की सघन जांच
राजसमंद (गौतम शर्मा)। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार देर रात विशेष नाकाबंदी अभियान चलाया। एसपी ममता गुप्ता के निर्देशन में कांकरोली और कुंवारिया थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने राजसमंद–भीलवाड़ा राजमार्ग पर वाहनों की गहन जांच की।
कांकरोली थाना अधिकारी हंसाराम सीरवी और कुंवारिया थाना अधिकारी उदयलाल बरकट के नेतृत्व में हथियारबंद जवान पूरी रात मुस्तैद रहे।
एएसआई रामसिंह राजावत ने बताया कि अभियान के दौरान कारों की डिक्की, बड़े वाहनों के केबिन और ट्रेलरों की सघन तलाशी ली गई।
कुंवारिया पुलिस ने रूपाखेड़ा टोल नाके के पास जबकि कांकरोली पुलिस ने आई केयर कार्यालय के पास नाकाबंदी की। चालकों से वाहनों के कागजात, लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई।
जांच के दौरान किसी भी वाहन से संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पूरी कार्रवाई शांति और संयम के साथ संपन्न की गई।
इस दौरान रुपाराम, सुनील कुमार, विजय कुमार सहित दोनों थानों के पुलिस जवानों ने सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाई।
पुलिस ने संदेश दिया है कि नशा, अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।















































