लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर (नितिन मेहरा)।
तीर्थराज पुष्कर में आयोजित तीन दिवसीय हनुमंत कथा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सहभागिता कर कथा का श्रद्धापूर्वक श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुष्कर की पावन धरा पर इस प्रकार के आध्यात्मिक आयोजन सनातन संस्कृति की ज्योति को प्रज्ज्वलित करने का कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन विशेष रूप से युवाओं में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों की समझ विकसित करते हैं तथा समाज में नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ बनाते हैं।
ब्रह्मा मंदिर में की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री ने विश्वविख्यात ब्रह्मा मंदिर पुष्कर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि पुष्कर आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और सनातन आस्था का अद्वितीय संगम है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार पुष्कर, गिरिराज जी, खाटूश्याम जी और बालाजी सहित प्रमुख तीर्थ स्थलों के सुनियोजित विकास के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।