लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के सुन्थड़ा स्थित श्री दिगम्बर जैन मुनि सुब्रतनाथ सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र की प्रबंध समिति की बैठक महावीर प्रसाद जैन पराणा की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद जैन ढिकोलिया ने वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही क्षेत्र पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। आगामी 23 अगस्त शनि अमावस्या को भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ और कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां समिति सदस्यों को सौंपी गईं।
निर्णय लिया गया कि शनि अमावस्या के दिन सुबह श्री जी का अभिषेक व शांति धारा होगी। इसके बाद 108 रिद्धि मंत्रों से महाकलशाभिषेक और शनि ग्रह अरिष्ट निवारक मुनिसुव्रतनाथ मंडल विधान की पूजा की जाएगी। कार्यक्रम के अंतर्गत सुबह 10:30 बजे से सभी समाजबंधुओं के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन होगा।
बैठक के पश्चात रात्रि में भक्तामर अनुष्ठान भी संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री बसंत कुमार जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिरधी चंद जैन, सह-कोषाध्यक्ष मनोज जैन, चेतन जैन, महेंद्र जैन, कजोड़ मल सर्राफ, कमल कुमार, त्रिलोक चंद जैन, गजानन्द बड़जात्या, पदमचंद जैन, हेमंत कुमार जैन, नाथू लाल जैन, नरेंद्र जैन, सन्तु जैन सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
भक्तामर अनुष्ठान के श्रेष्ठी परिवारों का समिति की ओर से स्वागत व सम्मान भी किया गया।
