लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नावां सिटी। शहर के जाट छात्रावास में सोमवार को पूर्व विधायक रामेश्वर चौधरी की जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और साफा पहनाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
समाज सेवा और शिक्षा रहे जीवन का केंद्र
कार्यक्रम में वक्ताओं ने चौधरी के संघर्षपूर्ण जीवन और समाज सेवा के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि चौधरी ने हमेशा शिक्षा, सामाजिक उत्थान और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी।
प्रेरक कहानियाँ सुनाईं
कार्यक्रम की अध्यक्षता साल्ट डेवलपमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष दिनेश जांदू ने की। उन्होंने छात्रावास में रह रही छात्राओं और उपस्थित लोगों को चौधरी के जीवन से जुड़ी प्रेरक कहानियाँ सुनाईं और युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षा और समाज सेवा को अपनी प्राथमिकता बनाएं।
गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी
श्रद्धांजलि सभा में श्रीराम बेनीवाल, रघुनाथ ढाका, हरदेव चौधरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने चौधरी की स्मृतियों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
