Home latest प्लास्टिक पर रोक सिर्फ कागजी, खुलेआम बिक रही थैलियां

प्लास्टिक पर रोक सिर्फ कागजी, खुलेआम बिक रही थैलियां

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

सरकारी प्रतिबंध बेअसर, पादूकलां बाजारों में पॉलिथीन की खुली बिक्री जारी

पादूकलां।
सरकार द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर लगाई गई रोक अब केवल कागज़ों में सिमटकर रह गई है। कस्बे और आसपास के बाजारों में प्लास्टिक थैलियों की खुलेआम बिक्री जारी है, जबकि नियमों के अनुसार इन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है।

कस्बे के डेगाना रोड सहित कई स्थानों पर जमा कचरे में प्लास्टिक की थैलियों का अंबार साफ दिखाई देता है। नालियों, गलियों और सड़कों पर फैले इसी कचरे के कारण अब गायों और अन्य पशुओं की मौतें हो रही हैं। बताया जाता है कि हर दिन सैकड़ों गायें पॉलिथीन निगलने से बीमार होकर मर रही हैं।

पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार, जहां भी कचरा जमा होता है, वहां लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा प्लास्टिक का होता है। यह दर्शाता है कि प्रशासनिक नियंत्रण के अभाव में बाजारों में इनकी बिक्री कितनी तेजी से बढ़ रही है।

प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है, बल्कि यह खेती की मिट्टी की उर्वरता को भी नष्ट करता है। खेतों में मिल जाने पर यह मिट्टी की गुणवत्ता को खराब कर देता है और धीरे-धीरे उपजाऊ भूमि को बंजर बना देता है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि संबंधित विभाग साल में कुछ बार भी सख्त कार्रवाई करें, तो इस समस्या पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। लेकिन अब तक विभागों की उदासीनता और औपचारिक रवैया ही सामने आया है — न नियमित जांच हो रही है, न ठोस कार्यवाही के संकेत।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version