लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही। पिंडवाड़ा-ब्यावर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सानवाड़ा और वीरवाड़ा के बीच शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। करीब रात 2 बजे दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद एक ट्रक में भीषण आग लग गई।
हादसे के बाद देखते ही देखते ट्रक आग की लपटों में घिर गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही सिरोही अग्निशमन विभाग की फायर ब्रिगेड तुरंत मौके पर पहुंची। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
गनीमत रही कि इस भीषण हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, ट्रक पूरी तरह जलने से भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।