लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत समिति की 23 सीटों के लिए 255 और जिला परिषद की 4 सीटों के लिए 45 दावेदारों ने पेश की दावेदारी, नेताओं ने एकजुटता का दिया संदेश
कठूमर (अलवर)। राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच कठूमर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के टिकट के लिए दावेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य के चुनाव में पार्टी का टिकट हासिल करने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने आवेदन पेश किए। दोनों स्तरों की 27 सीटों के लिए करीब 300 आवेदन मिलने से कांग्रेस में टिकट की दावेदारी को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है।
पंचायत समिति की 23 सीटों के लिए करीब 255 और जिला परिषद की चार सीटों के लिए 45 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान पीसीसी सचिव एवं पंचायत राज चुनाव प्रभारी सरदार जोगिंदर कोचर, पंचायत राज चुनाव प्रभारी पंडित सुरेश पूंछरी और डीसीसी प्रभारी रिंकू जाटव मौजूद रहे।
कांग्रेस का पंचायत समिति प्रधान बनाने का दावा
पंचायत राज चुनाव प्रभारी पंडित सुरेश पूंछरी ने आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि पार्टी पंचायत समिति में अपना प्रधान बनाएगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका चुनाव में भी जनता ने कांग्रेस के पक्ष में समर्थन दिया था। उनके मुताबिक, भाजपा की नीतियों को लेकर मतदाता जागरूक हो चुका है और आगामी चुनाव में इसका असर देखने को मिलेगा।
टिकट किसी को मिले, पार्टी के लिए मिलकर करें काम
टिकट के लिए बढ़ती दावेदारी के बीच कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश भी दिया। सांसद प्रतिनिधि प्रकाश चौधरी कांकरोली ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी की जीत के लिए जुटना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट किसी भी दावेदार को मिले, बाकी कार्यकर्ताओं को पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में पूरी ताकत से काम करना होगा।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस दौरान नगर पालिका वाइस चेयरमैन जयप्रकाश दीक्षित, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोमेश्वर चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष राजवीर चौधरी, अनिल कूलवाल, शहर अध्यक्ष अजय जाटव और भोला नेता मसारी सहित कई पार्टी पदाधिकारी तथा टिकट के दावेदार मौजूद रहे।
रिपोर्ट: संजीव बंसल, कठूमर (अलवर)
