लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। जोधपुर में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव हुआ है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के युवा अधिकारी आलोक रंजन ने नए जिला कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर राहुल जैन, जेडीए कमिश्नर उत्साह चौधरी, एसडीएम प्रीतम कुमार, प्रशिक्षु IAS मोहनलाल, एसडीएम पंकज जैन और जनसंपर्क अधिकारी आकांक्षा पालावत सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। जॉइनिंग प्रक्रिया के दौरान एडीएम जवाहर चौधरी और सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पहली बैठक में दिए स्पष्ट निर्देश
पदभार संभालते ही कलेक्टर आलोक रंजन ने अधिकारियों के साथ पहली बैठक की और प्रशासनिक कार्यों को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समयबद्ध कार्य निष्पादन, जवाबदेही तय करने और टीमवर्क के जरिए लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया। बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को केंद्र में रखते हुए जनहित को सर्वोपरि रखा जाएगा। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने और लोक कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
जोधपुर से पुराना जुड़ाव, पर्यटन पर विशेष फोकस
आलोक रंजन का जोधपुर से पुराना संबंध रहा है। वे पूर्व में यहां एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुके हैं, जिससे उन्हें जिले की समस्याओं और संभावनाओं की अच्छी समझ है। उन्होंने अपने विजन में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिल सके।
जनता के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प
मीडिया से बातचीत करते हुए कलेक्टर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनहित से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने प्रशासन को अधिक संवेदनशील बनाने, सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास कार्यों में गति लाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।