लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर ( डब्ल्यू. गोस्वामी)।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), जयपुर ग्रामीण इकाई ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फुलेरा थाना के थानाधिकारी चंद्र प्रकाश यादव और दलाल हैप्पी माथुर (मोबाइल शॉप मालिक व सीएलजी मेंबर) को 50 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
मामला और कार्रवाई
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एक शिकायतकर्ता ने एसीबी को सूचना दी थी कि साइबर क्राइम की शिकायत में उसके भाई की गिरफ्तारी न करने और मामले को रफा-दफा करने के लिए पुलिस निरीक्षक यादव ने दलाल के माध्यम से 70 हज़ार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
दलाल हैप्पी माथुर पहले ही 20 हज़ार रुपये वसूल चुका था, जबकि बुधवार को शेष 50 हज़ार रुपये लेने के दौरान एसीबी टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया।
एसीबी और पुलिस टीम की भूमिका
यह कार्रवाई एसीबी जयपुर के डीआईजी राजेश सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिहाग के नेतृत्व में, पुलिस निरीक्षक राजकुमार शर्मा एवं उनकी टीम ने अंजाम दी।
कानूनी कार्रवाई
एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
