लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
79.05% स्कोर के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित
झालावाड़।
जिले के डग ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) गंगधार ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) में शानदार सफलता दर्ज कर जिले का मान बढ़ाया है। PHC गंगधार ने 79.05% स्कोर प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन (National Certification) हासिल किया है।
NQAS के अंतर्गत यह राष्ट्रीय आकलन 6 एवं 7 अक्टूबर 2025 को किया गया था। इस मूल्यांकन में राष्ट्रीय टीम के डॉ. मिथिलेश (छत्तीसगढ़) एवं डॉ. संदीप (हरियाणा) ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान PHC के छह प्रमुख विभाग — ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैब, जनरल मैनेजमेंट और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम (NHP) — की सेवाओं की गुणवत्ता का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार का उदाहरण
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. अरविंद नागर और बीसीएमओ डग डॉ. विकास जैन ने बताया कि जिले के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित PHC गंगधार का NQAS में प्रमाणित होना स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता सुधार का महत्वपूर्ण कदम है।
इससे गंगधार व आसपास के ग्रामीण इलाकों को अब बेहतर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैबोरेट्री, जनरल वार्ड और मातृत्व सेवाओं सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अब अधिक प्रभावी रूप से मरीजों तक पहुंचेगा।
जिले की दूसरी प्रमाणित PHC बनी गंगधार
MOIC डॉ. हर्षित सैनी और डॉ. निशा गोरा ने बताया कि PHC गंगधार के राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित होने से क्षेत्र के लोगों को अब कई नई और उन्नत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि झालावाड़ जिले की दूसरी PHC को मिली है जिसे NQAS के तहत राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त हुआ है — जो पूरे डग ब्लॉक के लिए गर्व का विषय है।
