Home latest फसल बीमा राशि को लेकर किसानों का बिगुल, जयपुर कूच की तैयारी

फसल बीमा राशि को लेकर किसानों का बिगुल, जयपुर कूच की तैयारी

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

किसान महापंचायत के जिला अध्यक्ष बलदेव महरिया ने दी आर–पार की चेतावनी

किशनगढ़  (डब्लू गोस्वामी): दूदू विधानसभा एवं किशनगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत बांदरसिंदरी सहित आसपास के किसानों ने 2024 की खरीफ फसल में हुए भारी नुकसान को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। किसान महापंचायत के जिला अध्यक्ष बलदेव महरिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि फसल बीमा राशि किसानों के खातों में तुरंत नहीं डाली गई तो वे आर–पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।

किसानों ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष खरीफ फसल में 70% गिरदावरी दर्ज होने के बावजूद बीमा मुआवजा अब तक नहीं मिला है। जबकि किसानों से बीमा प्रीमियम की राशि काट ली गई थी। किसानों का कहना है कि प्रशासनिक मशीनरी मौन है और जिम्मेदारों के पास कोई जवाब नहीं है।

किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि वर्तमान में फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। स्थिति इतनी खराब है कि अगली रबी की जुताई-बुवाई, खाद और बीज खरीदना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राहत राशि समय पर नहीं मिली तो वे 6 अक्टूबर को अन्नदाता हुंकार रैली निकालते हुए ट्रैक्टरों का काफिला लेकर जयपुर कूच करेंगे और बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

ग्रामवासियों ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते राहत नहीं मिली तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। किसानों का कहना है कि बीमा कंपनियों और सरकारी लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं और जवाबदेही तय होनी चाहिए।

बलदेव महरिया ने कहा, “अब और इंतजार नहीं। यह किसानों की ज़िंदगी का सवाल है। सरकार को जवाब देना ही होगा। हम अपने हक के लिए सड़क पर उतरेंगे।”

इस आंदोलन ने न केवल प्रशासन बल्कि पूरे प्रदेश में राजनीतिक हलचल मचा दी है। आने वाले दिनों में यह मामला किसानों के व्यापक समर्थन के साथ और उग्र रूप ले सकता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version