लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
योगेश ऋषिका
सीकर। शिवसिंहपुरा स्थित जिला कारागृह में पेट्रोल पंप की जगह बदलने की मांग अब आंदोलन में बदलने लगी है। कलक्टर से लेकर वन मंत्री तक को ज्ञापन देने के बाद रविवार को शहर के 15 संगठनों ने कारागृह के सामने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीण महिला शिक्षण संस्थान की छात्राओं व पर्यावरण की सुरक्षा के लिहाज से पेट्रोल पंप की जगह बदलने की मांग के साथ जेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे भी लगाए।
ग्रामीण शिक्षण संस्थान अध्यक्ष झाबरमल ने कहा कि संस्थान के ठीक सामने कैदियों के लिए पेट्रोल पंप खोलने से छात्राओं की आवाजाही असहज व असुरक्षित हो जाएगी। वाहनों की संख्या बढ़ने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ेगी। मनसुख रणवां मनु स्मृति संस्थान सचिव डा. अभिलाषा रणवां ने बताया कि जेल प्रशासन ने पहले तो संस्थान से पौधे लगवा लिए और अब पेड़ बनकर फल देने पर उनकी ही पेट्रोल पंप के नाम पर बली दे रहा है। जबकि पेट्रोल पंप कारागृह के मुख्य गेट के पास खाली जगह पर बनाया जाए तो पेड़ों को बचाने के साथ ग्रामीण शिक्षण संस्थान की छात्राओं की समस्या भी दूर हो सकती है। रणवां ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता व अभियानों के दौर में जेल प्रशासन पर्यावरण के खिलाफ काम कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रदेश महामंत्री उपेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद पूनिया, सीकर व्यापार संघ महामंत्री प्रदीप पारीक, महासचिव विनोद नायक, रतन पिलानियां, पतंजलि योग समिति के महावीर जांगिड़, पुष्पा भाकर, मामराज भूरिया, निधि, मंजू देवी, अरविंद कुमार, हरीश खीचड, बीएल मील, दीपक बगड़िया, हरिनारायण, संगीता सुण्डा, सुरेंद्र कुडी, किशोर सहित विभिन्न संगठनों के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने मांग नहीं मानने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी।
