लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। जयपुर में आयोजित भव्य ‘वेदामृतम एस्ट्रो-वास्तु एवं आयुर्वेद समिट-2026’ में टोंक के प्रसिद्ध विद्वान पंडित देवकी नंदन शर्मा (ककोड़) को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से नवाजा गया।
श्री वेदामृतम संस्थान जयपुर फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में पंडित शर्मा को ज्योतिष विज्ञान, भूमि वास्तु दोष निवारण, हस्तरेखा शास्त्र, अंकशास्त्र, आयुर्वेद और वैदिक संस्कृति के क्षेत्र में उनके जीवनभर के विशिष्ट योगदान और निस्वार्थ समाज सेवा के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक योगाचार्य आर जू अवस्थी और सीईओ पंडित दिलीप के. अवस्थी ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि पंडित शर्मा का ज्ञान और आध्यात्मिक अनुभव समाज के लिए अनमोल धरोहर है।
इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से आए विद्वानों ने उनके कार्यकुशलता और वैदिक मूल्यों के प्रति समर्पण की प्रशंसा की। वहीं, टोंक सहित उपखंड क्षेत्र में इस उपलब्धि पर हर्ष का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि पंडित देवकी नंदन शर्मा को पहले भी जयपुर ठिकाना मंदिर श्री राधा गोविंद देव जी ज्योतिष ट्रस्ट, वेदांमृत संस्थान, माँ कामाख्या ज्योतिष शोध संस्थान सवाई माधोपुर, राजस्थान संस्कृत अकादमी जयपुर एवं अखिल भारतीय ज्योतिष संस्था संघ जयपुर द्वारा राज्य स्तर पर उनके ज्योतिष क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जा चुका है।
















































