लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट– सत्यप्रकाश मयंक|
उनियारा: महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल पर उपखंड क्षेत्र की पलाई पंचायत में निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई। राजस्थान कंप्यूटर्स एंड रोज़गार सेंटर पलाई में नारी शक्ति योजना के तहत यह प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ है, जिसका लाभ चयनित बालिकाओं को मिलेगा।
योजना के तहत 16 से 40 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया के बाद पात्र उम्मीदवारों का चयन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। इस वर्ष पलाई, बोसरिया, कचरावता और गंभीरा पंचायतों की कुल 25 बालिकाओं का चयन हुआ है।
कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड पंच इंद्रजीत धाकड़ और पत्रकार श्योजीलाल धाकड़ द्वारा किया गया। इस दौरान श्योजीलाल धाकड़ और मदनलाल सैनी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक युग में कंप्यूटर ज्ञान अत्यंत आवश्यक है और इसके बिना किसी भी विकसित राष्ट्र की कल्पना अधूरी है। इसलिए युवतियों और महिलाओं को डिजिटल शिक्षा अपनानी चाहिए।
कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को पुस्तकें, पेन, नोटबुक और बैग भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर केंद्र प्रभारी आशिक खान, GSS उपाध्यक्ष अमीन खान, मोनू गुर्जर, वार्ड पंच इंद्रजीत, पटवारी मनराज मीना, नवल सैनी सहित कई अभिभावक, ग्रामीण एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।