लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भरतपुर रेलवे स्टेशन से लोहागढ़ किला व केवलादेव नेशनल पार्क तक चला स्वच्छता अभियान
भरतपुर, 28 अक्टूबर 2025।
राजस्थान की शाही विरासत और अतुलनीय आतिथ्य का प्रतीक ‘पैलेस ऑन व्हील्स’ और ‘लोहागढ़’ द्वारा आरंभ किया गया “क्लीन राजस्थान” अभियान सोमवार को भरतपुर में जारी रहा। इस विशेष स्वच्छता अभियान के तहत शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों — भरतपुर रेलवे स्टेशन, लोहागढ़ किला और केवलादेव नेशनल पार्क — के आसपास व्यापक सफाई कार्य किया गया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर, सार्वजनिक मार्गों, पार्कों, झाड़ियों और आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। इस पहल का उद्देश्य भरतपुर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटक-अनुकूल बनाना है, ताकि यहां आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों के समक्ष राजस्थान की एक अनुशासित, पर्यावरण–स्नेही और आकर्षक छवि प्रस्तुत की जा सके।
‘पैलेस ऑन व्हील्स’ और ‘लोहागढ़’ टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से यह संकल्प लिया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और आने वाले समय में इसे राज्य के अन्य प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
