लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ, श्रीगंगानगर।
श्रीगंगानगर। श्रीगंगानगर के पदमपुर से बड़ी खबर है। यहां आज पत्रकारों के संगठन पदमपुर पत्रकार संघ की महत्वपूर्ण बैठक फूलचंद पेट्रोल पंप स्थित गणेश तनेजा के कार्यालय पर आयोजित की गई। बैठक का आयोजन वरिष्ठ पत्रकार सीता राम स्वामी के संरक्षकत्व एवं अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन सम्पन्न हुआ।
बैठक में पत्रकारों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गणेश तनेजा को एक बार फिर संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया। वहीं, दिवान लावा को उपाध्यक्ष, राकेश खींची को सचिव, और लखवीर सिंह लखा को सह-सचिव नियुक्त किया गया।
कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में राज कुमार जुनेजा, विनोद श्रीवास्तव और हरविंदर मक्कड़ को शामिल किया गया। बैठक में सभी पत्रकारों ने आपसी एकजुटता बनाए रखने, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने, तथा समाजहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
संरक्षक सीता राम स्वामी का वक्तव्य
संरक्षक सीता राम स्वामी ने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि “पत्रकार समाज की आवाज़ होते हैं। संगठन की मजबूती से ही पत्रकारों के अधिकार सुरक्षित रह सकते हैं। आशा है कि नई कार्यकारिणी पत्रकारिता की मर्यादाओं का पालन करते हुए सकारात्मक भूमिका निभाएगी।”
अध्यक्ष गणेश तनेजा की प्रतिक्रिया
नवनिर्वाचित अध्यक्ष गणेश तनेजा ने कहा, “पदमपुर पत्रकार संघ की जिम्मेदारी दोबारा सौंपने के लिए सभी पत्रकार साथियों का हृदय से आभार। हमारा प्रयास रहेगा कि संघ पूरी निष्पक्षता, एकता और गरिमा के साथ पत्रकारों के हितों की रक्षा करे। किसी भी पत्रकार के सम्मान और अधिकारों से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।”
