प्रशासन अलर्ट मोड पर,
ग्रामीणों को नदी के किनारे से दूर रहने की सलाह, कई गांवों का संपर्क टूटा
राजेंद्र शर्मा जति की रिपोर्ट
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर में बयाना क्षेत्र में करौली जिले के पांचना बांध से छोड़ा गया पानी गंभीर नदी के माध्यम से बयाना क्षेत्र में पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन और पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए स्थानीय ग्रामीणों से नदी के बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
पुलियाओं पर पानी बहने से बयाना क्षेत्र के कई गांवों का आपसी संपर्क टूट गया है। हालांकि अभी तक किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गंभीर नदी में आई बाढ़ के कारण लगभग 15 लोगों की जान चली गई थी। इस बार प्रशासन ने समय रहते सतर्कता के सभी आवश्यक कदम उठाए हैं।
सिंचाई विभाग के अनुसार, पांचना बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के चलते बांध का जलस्तर 258 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि इसकी कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है। जल स्तर बढ़ने के कारण शुक्रवार बांध के दो गेट दो-दो फीट खोलकर करीब 6000 क्यूसेक प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा गया था।
डिप्टी एसपी कृष्णराज और सदर थाना प्रभारी कृष्णवीर सिंह ने नदी के किनारे बसे गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों को नदी से दूर रहने की सख्त सलाह दी। पंचायत समिति के विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि नदी के बहाव की सतत निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
फ१०












































